योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर : डॉ. शकुंतला दहिया
कैथल, 25 मई: आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला प्रशासन कैथल के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के अंतर्गत जिले में लगातार योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गांव छौत और बरसाना की योगशालाओं में विशेष योग प्रशिक्षण शिविर एवं लाइव प्रसारण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के सीईओ सुरेश रविश की देखरेख तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया के निर्देशानुसार आयोजित किए गए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हरियाणा योग आयोग के फेसबुक पेज के माध्यम से भी किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक योग का संदेश पहुंचाया जा सके।
गांव छौत में आयोजित शिविर में आर्य समाज के आचार्य धीर मुनि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जहां लगभग 140 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं गांव बरसाना में आयोजित शिविर में विजय कुमार और डॉ. ममता कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा करीब 120 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान और सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास करवाया गया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योगशाला इंचार्ज विवेक बरसाना तथा आयुष योग सहायकों ने पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और वर्तमान समय में स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण स्तर तक योग को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रह सके।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का संकल्प लिया।













Leave a Reply