नियमित योग अपनाकर जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक बनाएं : डॉ. शकुंतला दहिया
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों के तहत आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
कैथल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग कैथल के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जखोली अड्डा में आयोजित तीन दिवसीय सामान्य योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का वीरवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।
नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश राविश के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स तथा नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामान्य योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
योग विशेषज्ञों ने कराया योगाभ्यास
शिविर के अंतिम दिन आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों एवं योग सहायकों ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास करवाया। इसके साथ ही योगाभ्यास के दौरान सही शारीरिक मुद्रा, श्वास-प्रश्वास की वैज्ञानिक विधि तथा योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर : डॉ. शकुंतला दहिया
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और विचारों में संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति का जीवन अधिक संतुलित और सकारात्मक बनता है।
उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है।
स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग है इस वर्ष की थीम
डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है। यह विषय सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है।
19 जून को होगा विशेष योग सेमिनार
उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 19 जून को एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय, कैथल में योग विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इस सेमिनार में योग के वैज्ञानिक महत्व, स्वास्थ्य लाभों तथा स्वस्थ जीवन में इसकी उपयोगिता पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
20 जून को होगी अंतिम रिहर्सल, 21 जून को मनाया जाएगा योग दिवस
डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि 20 जून को जिला स्तर तथा जिले के सभी छह ब्लॉकों में आयोजित होने वाले मुख्य योग दिवस कार्यक्रमों की अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 21 जून को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे जिले में उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, अधिकारी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे।


Leave a Reply