“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

पाकिस्तान की जासूसी एजेंसियों से रहें सावधान: एसपी कैथल ने युवाओं को दी विशेष एडवाइजरी

कैथल, 8 सितंबर। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स द्वारा भारतीय युवाओं को डिजिटल माध्यमों से अपने जाल में फंसाने और संवेदनशील जानकारी हासिल करने के प्रयासों को लेकर कैथल पुलिस ने युवाओं को सतर्क रहने की अपील की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने भारतीय युवाओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, ऑनलाइन नौकरी, लॉटरी और भावनात्मक व धार्मिक बहकावे से सावधान रहने को कहा है।

एसपी ने कहा कि संदिग्ध एजेंट लगातार नए डिजिटल हथकंडे अपना रहे हैं। युवाओं को पहले लालच, दोस्ती या भावनात्मक बातचीत के माध्यम से संपर्क में लिया जाता है और बाद में उनसे निजी या संवेदनशील जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा सकता है।

धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर किया जा सकता है ब्रेनवॉश

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि संदिग्ध एजेंट धार्मिक और मजहबी भावनाओं का दुरुपयोग कर युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। धार्मिक रूप से भड़काने, झूठी कट्टरपंथी बातों में उलझाने और उकसाने के बाद युवाओं को देशविरोधी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश की जा सकती है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया या किसी संगठन द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं उन्मादी भड़कावे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें।

+92 नंबर से आने वाली फर्जी कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज से रहें सतर्क

एसपी ने बताया कि +92 कोड यानी पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय नंबर या अन्य विदेशी नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज से सावधान रहने की जरूरत है। इनमें केबीसी, लॉटरी, कार जीतने या भारी कैश प्राइज का लालच दिया जा सकता है।

इनाम की रकम लेने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस मांगी जा सकती है या फर्जी लिंक भेजकर मोबाइल और निजी जानकारी चोरी करने का प्रयास किया जा सकता है। पुलिस ने ऐसे कॉल और मैसेज को तुरंत इग्नोर, ब्लॉक और रिपोर्ट करने की सलाह दी है।

सोशल मीडिया पर फेक प्रोफाइल बनाकर हनीट्रैप का खतरा

संदिग्ध एजेंट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवाओं से दोस्ती कर सकते हैं। विशेष रूप से महिलाओं के नाम से बनाई गई फेक प्रोफाइल के जरिए फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर बातचीत शुरू की जा सकती है।

धीरे-धीरे भावनात्मक या आपत्तिजनक बातचीत के जरिए निजी फोटो और वीडियो हासिल कर बाद में ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा सकती है। एसपी ने युवाओं को अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने और निजी फोटो या वीडियो साझा करने से बचने की सलाह दी है।

ऑनलाइन जॉब और पार्ट टाइम कमाई के नाम पर बनाया जा सकता है निशाना

पुलिस के अनुसार युवाओं को वर्क फ्रॉम होम, डेटा एंट्री, ऑनलाइन अर्निंग और टेलीग्राम टास्क जैसी गतिविधियों के नाम पर आकर्षित किया जा सकता है। शुरुआत में पैसों का लालच देकर संपर्क बढ़ाया जाता है और बाद में फोटो, वीडियो, लोकेशन अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए कहा जा सकता है।

युवाओं को ऐसी संदिग्ध ऑनलाइन नौकरियों और टेलीग्राम टास्क से सावधान रहने की जरूरत है।

फर्जी लोन और बेटिंग ऐप्स से भी रहें सावधान

एसपी ने फर्जी लोन और अवैध बेटिंग ऐप्स को लेकर भी युवाओं को सतर्क किया। ऐसे ऐप्स के माध्यम से पहले युवाओं को कर्ज या जल्दी पैसा कमाने का लालच दिया जा सकता है और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया जा सकता है।

जासूसी गतिविधियों में शामिल होने पर हो सकती है सख्त कार्रवाई

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि देशविरोधी या जासूसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कानून के तहत गंभीर कार्रवाई हो सकती है। ऐसी गतिविधियों में शामिल होने से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो सकता है।

उन्होंने बताया कि ऐसी गतिविधियों के कारण जेल जाने के अलावा सरकारी नौकरी, पासपोर्ट और विदेश यात्रा जैसे अवसरों पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। वहीं, ठगी और ब्लैकमेलिंग का शिकार होने पर युवाओं और उनके परिवारों को आर्थिक तथा सामाजिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।

एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अनजाने में साझा की गई छोटी-सी संवेदनशील जानकारी भी देश और सुरक्षा प्रतिष्ठानों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।

एसपी की युवाओं से अपील

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति पर जल्द भरोसा न करें। +92 या किसी अन्य विदेशी नंबर से आने वाली संदिग्ध कॉल और मैसेज का जवाब न दें। लॉटरी या इनाम के नाम पर किसी को पैसे ट्रांसफर न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।

उन्होंने कहा कि बिना किसी प्रतियोगिता में भाग लिए कोई लॉटरी नहीं लगती। इसलिए लॉटरी और कैश प्राइज के लालच में अपनी बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

एसपी ने युवाओं से देश की सुरक्षा और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

फोटो : एसपी मनप्रीत सिंह सूदन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *