“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, बाजारों में बढ़ाई सुरक्षा; ट्रैफिक व्यवस्था की कमान संभाल रहे इंस्पेक्टर रमेश कुमार

कैथल, 5 नवंबर। दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, छठ पूजा और विश्वकर्मा दिवस सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए कैथल पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार शहर के मुख्य बाजारों, व्यस्त चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।

ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार संभाल रहे यातायात व्यवस्था

पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ने से यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। इस स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार स्वयं यातायात व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं।

उनके नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की टीमें पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी कर रही हैं। शहर के मुख्य बाजारों, चौराहों और नाकों पर पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो लगातार वाहनों की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं। पुलिस का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े और यातायात सुचारु बना रहे।

बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर सभी थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस की टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रख रही हैं, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

कैथल पुलिस की आमजन से अपील

कैथल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। बाजारों में अनावश्यक रूप से वाहन ले जाने से बचें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस कर्मचारियों का सहयोग करें।

पुलिस का उद्देश्य है कि शहरवासी सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकें।