कैथल, 4 नवंबर। कैथल जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 350 लीटर शराब बनाने का लाहण और 36 बोतल देसी शराब बरामद की है।
फरल गांव में मकान से 350 लीटर लाहण बरामद
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में थाना पुंडरी के एएसआई महेश कुमार की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव फरल निवासी गुरजैंट के मकान पर दबिश दी और उसे काबू कर लिया।
मकान की तलाशी लेने पर वहां रखे दो ड्रमों से करीब 350 लीटर शराब बनाने का लाहण बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
सेक्टर-21 हुडा में 36 बोतल देसी शराब पकड़ी
दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल कैथल के एएसआई जसबीर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-21 हुडा कैथल में ईंटों के भट्टे के पास दबिश दी।
इस दौरान पुलिस ने चंदाना गेट कैथल निवासी बुध राम को काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में रखे कट्टे से तीन पेटियों में 36 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

