कैथल, 4 नवंबर। कैथल जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सीआईए कलायत पुलिस ने पूंडरी शहर के माता मोहल्ला में छापेमारी कर एक युवक को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से विभिन्न प्रकार के पटाखों की कुल 24 पेटियां बरामद की हैं। आरोपी पटाखों से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।

सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पूंडरी के माता मोहल्ला निवासी शिवम ने अपने घर में अवैध रूप से पटाखे रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पीएसआई सौरभ की टीम ने रेडिंग पार्टी तैयार कर आरोपी के घर पर दबिश दी।
पुलिस टीम को मौके पर एक युवक मिला, जिसकी पहचान शिवम निवासी माता मोहल्ला, पूंडरी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके घर से गंगा-जमुना, स्काई शॉट, फुलझड़ी, फिरकी, अनार, मुर्गा छाप और चटर-पटर सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे कई पेटियों में रखे हुए मिले।
लाइसेंस और परमिट नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस ने आरोपी से पटाखे रखने और उनसे संबंधित लाइसेंस या परमिट मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूंडरी दमकल विभाग के प्रभारी कश्मीर सिंह को मौके पर बुलाया। तलाशी के दौरान कुल 24 पेटियां पटाखे बरामद की गईं।
इस संबंध में आरोपी शिवम के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
