“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ताश खेलते 11 आरोपी गिरफ्तार; 49,400 रुपये नकदी बरामद

कैथल पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने रामनगर रेलवे लाइन के पास दुकान पर मारी रेड, 208 पत्ते ताश भी किए बरामद

कैथल, 7 नवंबर। कैथल में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल कैथल की टीम ने रामनगर रेलवे लाइन के पास एक दुकान पर छापेमारी कर ताश के पत्तों के जरिए जुआ खेल रहे आरोपियों को काबू किया। पुलिस ने मौके से 49 हजार 400 रुपये की नकदी और 208 पत्ते ताश बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल कैथल की टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई सुनील कुमार की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रामनगर रेलवे लाइन कैथल के पास जसबीर सिंह की दुकान में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार रेडिंग पार्टी गठित कर दुकान पर छापेमारी की।

इन 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से रामनगर कैथल निवासी जसबीर सिंह, राकेश, बृज, सुमित और पुनु राम, वाल्मीकि बस्ती कैथल निवासी विजय कुमार, बलराज नगर कैथल निवासी संजय और पवन कुमार, कर्ण बिहार कॉलोनी जींद रोड कैथल निवासी संजीव, न्यू बैंक कॉलोनी कैथल निवासी धर्मपाल तथा देवी रोड कैथल निवासी नरेश को गिरफ्तार किया।

49,400 रुपये नकदी और 208 पत्ते ताश बरामद

पुलिस द्वारा मौके पर की गई जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 49 हजार 400 रुपये की नकदी और 208 पत्ते ताश बरामद किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना शहर कैथल में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टेबाजी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।