“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल बना देश का पहला जिला, जहां 100% शहीदों के नाम स्कूलों के MIS पोर्टल पर अपडेट, पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन ने शासन-प्रशासन का जताया आभार

कैथल, 7 नवंबर 2026। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल ने दीपावली के पावन अवसर पर जिला प्रशासन, शासन, शहीद परिवारों, एसोसिएशन के सदस्यों और समस्त जिलावासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि पर सभी का आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन ने बताया कि वर्ष 1962 से अब तक देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले कैथल जिले के सभी शहीदों के पैतृक गांवों के स्कूलों के नाम MIS पोर्टल पर 100 प्रतिशत अपडेट कर दिए गए हैं।

एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कैथल जिला शहीदों के नाम स्कूलों के MIS पोर्टल पर अपडेट करने के मामले में हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष में पहला जिला बन गया है। उन्होंने इस कार्य को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पूर्व सैनिकों और संबंधित लोगों का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

शहीदों के नाम पर स्कूलों में बनाए जा रहे स्मारक

जगजीत फौजी ने बताया कि जिला कैथल के शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके नाम वाले स्कूलों में जिला परिषद कैथल के सौजन्य से स्मारकों का निर्माण करवाया जा रहा है। इस कार्य का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य कुछ तकनीकी कारणों से रुका हुआ है। एसोसिएशन को उम्मीद है कि 16 दिसंबर 2026 यानी विजय दिवस तक स्मारकों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।

13 नवंबर को ECHS पॉलीक्लिनिक में लगेगा स्पर्श पेंशन शिविर

एसोसिएशन प्रधान ने जानकारी दी कि 13 नवंबर 2026, शुक्रवार को ECHS पॉलीक्लिनिक कैथल के प्रांगण में स्पर्श पेंशन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की रूपरेखा तैयार कर पूर्व सैनिकों और संबंधित पेंशनधारकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।

4 दिसंबर को मनाया जाएगा 55वां नौसेना दिवस

उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर 2026 को 55वां नौसेना दिवस हरियाणा शहीद स्मारक पार्क रोड, कैथल में मनाया जाएगा। इसके अलावा 16 दिसंबर को विजय दिवस के अवसर पर शहीदों की स्मृति में ‘शहीदों की चिता पर लगने वाले मेले’ के रूप में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस समारोह में शहीदों के नाम स्कूलों के MIS पोर्टल पर 100 प्रतिशत अपडेट करवाने में अहम भूमिका निभाने वाले जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, पूर्व सैनिकों और अन्य सहयोगियों को सम्मानित किया जाएगा। यदि तब तक शहीद स्मारकों का निर्माण कार्य भी 100 प्रतिशत पूरा हो जाता है तो जिला परिषद के चेयरमैन, अधिकारियों और कर्मचारियों को भी एसोसिएशन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

एसोसिएशन कार्यालय में मौजूद रहे पूर्व सैनिक पदाधिकारी

इस अवसर पर एसोसिएशन कार्यालय में प्रधान जगजीत फौजी, महासचिव जे.डब्ल्यू.ओ. दलबीर सिंह, एयरफोर्स प्रधान एच.एफ.ओ. भीम सिंह गिल, एच.एफ.ओ. महेंद्र सिंह राणा, कैप्टन मुख्तार सिंह जांगड़ा, सूबेदार मेजर रामफल चहल, सूबेदार मेजर खजान सिंह, रिसालदार कर्मवीर भाल और सार्जेंट शमशेर सिंह रेढू सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

एसोसिएशन ने कहा कि शहीदों का सम्मान करना और उनकी कुर्बानियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कैथल जिले की यह उपलब्धि शहीदों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम है।