कैथल, 6 अक्टूबर 2026। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल द्वारा देश के वायु वीर योद्धाओं के शौर्य, साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए 8 अक्टूबर 2026 को 94वां भारतीय वायु सेना दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की ओर से अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि भारतीय वायु सेना के उन वीर जवानों को याद करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम में वायु सेना, थल सेना और नौसेना के पूर्व सैनिकों के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों के पूर्व सैनिक एवं उनके परिवारजन भी शामिल होंगे।
महेश चौक से शुरू होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे पुराने बस अड्डे के पास महेश चौक से श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद सुबह 9 बजे शहीद स्क्वाड्रन लीडर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल (कमेटी चौक) में स्थित शहीद की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित की जाएगी।
इसके पश्चात पूर्व सैनिक हरियाणा शहीद स्मारक पार्क रोड, कैथल पहुंचेंगे, जहां श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। यहां शहीदों को पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया जाएगा।
देशभक्ति गीतों से वीर शहीदों को किया जाएगा नमन
श्रद्धांजलि सभा के दौरान लोक गायक कलाकार एवं पूर्व सैनिक सवर फौजी कर्मवीर तथा हवलदार/मास्टर बलवान शर्मा देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। कार्यक्रम में देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की वीरता और योगदान को याद किया जाएगा।
इस कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में एयर फोर्स वेटरन्स जिला कैथल के प्रधान एचएफओ भीम सिंह गिल ने भी विस्तार से जानकारी दी।
पूर्व सैनिकों और परिवारों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
एसोसिएशन प्रधान जगजीत फौजी ने सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचें और देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर वीर योद्धाओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करें।
उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को भी देशभक्ति, साहस और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देते हैं।


Leave a Reply