कुरुक्षेत्र, 8 सितंबर। आर्थिक तंगी के कारण किसी भी मेधावी विद्यार्थी की पढ़ाई न रुके, इसी उद्देश्य से सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर संचालित नवीन जिन्दल यशस्वी छात्रवृत्ति योजना विद्यार्थियों के लिए लगातार सहारा बन रही है। योजना के तहत अब तक कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के 1264 विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता मिल चुकी है। वहीं 181 विद्यार्थियों का दूसरे वर्ष भी छात्रवृत्ति के लिए चयन किया गया है।
मंगलवार को योजना के तहत 67 स्कूली विद्यार्थियों और 40 कॉलेज विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति जारी की गई। इससे पहले 317 स्कूली विद्यार्थियों और 908 कॉलेज विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा चुकी है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देकर उनकी शिक्षा को निर्बाध बनाए रखना है।
दो वर्षों में 3.40 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति
सांसद नवीन जिन्दल की ओर से पिछले दो वर्षों में 3,40,49,700 रुपये की छात्रवृत्ति राशि निजी कोष से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के खातों में भेजी जा चुकी है। इस आर्थिक सहायता से स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा जारी रखने में मदद मिल रही है।
सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद का प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी को पढ़ाई बीच में न छोड़नी पड़े। उन्होंने कहा कि शिक्षा युवाओं के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है और छात्रवृत्ति के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।
अनाथ बच्चों की 100 प्रतिशत स्कूल फीस का जिम्मा
नवीन जिन्दल यशस्वी छात्रवृत्ति योजना के तहत ऐसे विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है। धर्मवीर सिंह ने बताया कि अब तक 23 अनाथ बच्चों की 100 प्रतिशत स्कूल फीस सांसद नवीन जिन्दल के निजी कोष से दी जा चुकी है।
इसके अलावा विधवा, तलाकशुदा और सिंगल मदर के बच्चों को भी योजना के तहत सहायता दी जा रही है। इस श्रेणी में 294 स्कूली विद्यार्थियों की 50 प्रतिशत फीस उनके स्कूलों को दी जा चुकी है।
छात्रवृत्ति योजना के लिए पोर्टल खुला
नवीन जिन्दल यशस्वी छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है। योजना का पोर्टल अभी खुला हुआ है, जिससे पात्र मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थी छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।



Leave a Reply