“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में हरियाणा ड्राइविंग स्कूल एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक, ट्रेनिंग सेंटर के टेंडर को रद्द करने की मांग

कैथल, 6 सितंबर 2026। हरियाणा ड्राइविंग स्कूल एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक कैथल में आयोजित की गई। बैठक में ऑल इंडिया ड्राइविंग स्कूल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में हरियाणा सरकार द्वारा राज्य में ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर्स और टेस्टिंग ग्राउंड बनाए जाने से जुड़े मुद्दों सहित ड्राइविंग स्कूल संचालकों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

एसोसिएशन ने रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा द्वारा निजी कंपनी तालु इंफ्राटेक को दिए गए टेंडर को निरस्त करने की मांग उठाई। बैठक में इस बात पर भी रणनीति बनाई गई कि निजी कंपनी को लंबे समय के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण व्यवस्था दिए जाने तथा उसके द्वारा जारी प्रशिक्षण प्रमाण पत्र फॉर्म 5बी को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने या नवीनीकरण के लिए अनिवार्य किए जाने के निर्णय को सरकार और न्यायालय के समक्ष चुनौती दी जाए।

जिलावार आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोलने की योजना

ऑल इंडिया ड्राइविंग स्कूल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी नियम 31बी के अनुसार राज्य में ड्राइविंग स्कूल एसोसिएशन जिलावार मिलकर आधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने की दिशा में काम करेगी। इसके लिए राज्य सरकार से बातचीत कर उचित नीति तैयार करवाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने हरियाणा के ड्राइविंग स्कूल संचालकों से सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में अधिक से अधिक कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने ड्राइविंग स्कूलों में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा समय के साथ खुद को अपडेट रखने पर जोर दिया।

न्यायालय में रिट याचिका दायर करने की तैयारी

हरियाणा ड्राइविंग स्कूल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक कुमार वत्स ने ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर और टेस्टिंग ग्राउंड से संबंधित आदेश के विरुद्ध माननीय न्यायालय में रिट याचिका दायर करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा एसोसिएशन ने इस मामले में राष्ट्रीय संगठन से भी सहयोग मांगा है। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश शर्मा स्वयं मौजूद रहे, जबकि तमिलनाडु से राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधरन जयभारत वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े और कानूनी पहलुओं पर अपनी राय रखी।

ड्राइविंग स्कूल संचालकों ने रखीं कई मांगें

बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और ड्राइविंग स्कूल संचालकों ने सरकार से मांग की कि ड्राइविंग स्कूलों के अनुभव और इसी व्यवसाय से जुड़े लोगों की आजीविका को देखते हुए उन्हें ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोलने में प्राथमिकता दी जाए।

साथ ही राज्य में संचालित अवैध ड्राइविंग स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने, ड्राइविंग स्कूलों के आवेदन और नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा पहले लागू हो चुके ड्राइविंग स्कूल से प्रशिक्षण लेने के बाद ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाने के नियम को दोबारा लागू करने की मांग की गई।

प्रदेश और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में हरियाणा एसोसिएशन के संरक्षक एवं राष्ट्रीय संयोजक AIFDSA जोगीन्द्र सिंह चहल, फाउंडिंग अध्यक्ष एवं वर्तमान संयोजक सुनील ढुल, उपाध्यक्ष मनोज यादव, सचिव विनोद कुमार, कोषाध्यक्ष दिलावर सिंह सैनी, महेंद्र सिंह, कुलविंदर सिंह चीमा, देवेन्दर सैनी, प्रदीप कौशिक, पंकज भारद्वाज और सुरेंद्र ढांडा सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।

बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ हरियाणा एसोसिएशन की पूरी कार्यकारिणी, लगभग सभी जिलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में ड्राइविंग स्कूल संचालक शामिल हुए।

मंच का संचालन ड्राइविंग स्कूल फेडरेशन के राष्ट्रीय कार्यकारी सचिव वसीम कुरैशी और हरियाणा एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष दिलावर सिंह सैनी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *