कैथल। रोहेड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में अमर बलिदानी शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु शौर्य चक्र (मरणोपरांत) की पहली पुण्यतिथि श्रद्धा और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्नल नितेश कुमार, कमान अधिकारी हरियाणा 10 एनसीसी बटालियन तथा विशिष्ट अतिथि रिसालदार मेजर वीरेंद्र सिंह सहित शहीद के माता-पिता, पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत रोहेड़ा बस अड्डे पर स्थित शहीद लांस नायक नरेंद्र सिंधु के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर में नवनिर्मित शहीद स्मारक का अनावरण शहीद के माता-पिता, मुख्य अतिथि कर्नल नितेश कुमार और विशिष्ट अतिथि रिसालदार मेजर वीरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। स्वागत गीत के साथ फौजी कर्मवीर और मास्टर बलवान फौजी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। जब फौजी कर्मवीर ने शहीद नरेंद्र सिंधु के जीवन और बलिदान पर आधारित गीत प्रस्तुत किया तो कार्यक्रम में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली पूजा, पुत्री महिपाल जागलान, को सम्मानित किया गया। पूजा वैज्ञानिक के तौर पर ऑस्ट्रेलिया जा रही हैं।
इसके अलावा ओम हॉस्पिटल, पूंडरी की टीम को भी सम्मानित किया गया। अस्पताल की टीम ने कार्यक्रम के दौरान निशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप लगाया, जिसमें 76 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
वहीं अंबाला कैंट से आई स्पर्श पेंशन टीम ने भी पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान किया। टीम के कैप्टन रामकुमार के नेतृत्व में पेंशन से संबंधित 42 मामलों का निपटारा किया गया।
शहीद स्मारक के निर्माण में सहयोग देने वालों का जताया आभार
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल ने शहीद के माता-पिता और परिवार, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, जिला परिषद कैथल, पंचायत समिति सदस्यों, स्कूल स्टाफ, विद्यार्थियों, गांव की मातृशक्ति, स्पर्श पेंशन टीम, ओम हॉस्पिटल की टीम और कार्यक्रम में पहुंचे सैकड़ों पूर्व सैनिकों का आभार जताया।
एसोसिएशन ने विशेष रूप से उस टीम का धन्यवाद किया, जिसने महज सात दिन के अल्टीमेटम में शहीद स्मारक का निर्माण पूरा कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अमर शहीद पैराट्रूपर मुनीराम को भी दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान ग्राम ब्राह्मणीवाला के वीर सपूत अमर शहीद पैराट्रूपर मुनीराम, जिन्होंने 1965 के भारत-पाक युद्ध में सर्वोच्च बलिदान दिया था, को उनकी 61वीं पुण्यतिथि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समारोह में एयरफोर्स प्रधान एचएफओ भीम सिंह गिल, सार्जेंट राजेश अंबर, नेवी से लेफ्टिनेंट मेघ सिंह राणा, अर्धसैनिक बल से एएसआई सोमनाथ शर्मा, सेना से कप्तान रवि दत्त शर्मा, कैथल प्रधान सूबेदार खजान सिंह, पूंडरी प्रधान रिसालदार गोपीचंद करोड़ा, ढांड प्रधान उदयभान शर्मा, कलायत से रामकुमार शर्मा सहित एसोसिएशन की जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में गांव की पंचायत, सरपंच, मातृशक्ति, स्कूली छात्र-छात्राओं और सैकड़ों पूर्व सैनिकों की मौजूदगी ने समारोह को यादगार बना दिया। उपस्थित लोगों ने शहीद नरेंद्र सिंधु के बलिदान को नमन करते हुए देश सेवा और राष्ट्रभक्ति का संकल्प लिया।



Leave a Reply