“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, डीसी अपराजिता ने दिलाया नियमित योग का संकल्प

उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, डीसी अपराजिता ने दिलाया नियमित योग का संकल्प

कैथल। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अतिरिक्त अनाज मंडी, कैथल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, उल्लास और जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अपराजिता ने मुख्य अतिथि तथा पूर्व विधायक लीलाराम ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, योग प्रशिक्षकों और आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

उपायुक्त अपराजिता ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” अत्यंत प्रासंगिक है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर और संपूर्ण जीवन पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक तनाव कम होता है, आत्मविश्वास बढ़ता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी परिवारों से आग्रह किया कि वे अपने घर के वरिष्ठ नागरिकों को योग के लिए प्रेरित करें और स्वयं भी प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

डीसी अपराजिता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और दुनिया के अनेक देशों में लोग भारतीय योग परंपरा को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गांव-गांव में योगशालाएं और व्यायामशालाएं स्थापित कर रही है तथा योग शिक्षकों और सहायकों के माध्यम से योग का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधायक लीलाराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग की अलख पूरे विश्व में जगाई है। योग भारत की प्राचीन विरासत है और आज विश्व के अनेक देशों में लोग इसे अपनाकर स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से नियमित योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “करोगे योग, रहोगे निरोग” केवल नारा नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है।

कार्यक्रम के दौरान जिला नागरिक अस्पताल के योग विशेषज्ञ डॉ. एच.एस. हुड्डा ने सभी प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया। योग सत्र में ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, उत्तान मंडूकासन, वज्रासन, मकरासन, भुजंगासन, अर्धहलासन और पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासन करवाए गए। अंत में शवासन के माध्यम से पूर्ण विश्राम कराया गया।

प्राणायाम सत्र में कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली तथा भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसके पश्चात ध्यान सत्र आयोजित कर मानसिक एवं आध्यात्मिक शांति का संदेश दिया गया।

योग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान डीसी अपराजिता और अन्य अतिथियों ने योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में शिक्षा विभाग, योग संगठनों तथा खेल विभाग से जुड़े अनेक प्रशिक्षक और कार्यकर्ता शामिल रहे।

इस अवसर पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया, डीआईपीआरओ नसीब सिंह, कैलाश भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *