योग से शुरू हुआ नया जीवन : मनोज सिंगला
पतंजलि योग समिति के सह-योग शिक्षक एवं सर्व रोग निदान शिविर के 19वें दिन समाजसेवी मनोज सिंगला ने किया शुभारंभ
कैथल। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान तथा पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान कैथल के संयुक्त सहयोग से सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में चल रहे सह-योग शिक्षक शिविर एवं सर्व रोग निदान शिविर के 19वें दिन का शुभारंभ समाजसेवी एवं श्री खाटू श्याम सालासर सेवा समिति के प्रधान मनोज सिंगला ने अपने परिवार सहित दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर पतंजलि योग समिति द्वारा मनोज सिंगला को शॉल ओढ़ाकर तथा पतंजलि खाद्य सामग्री की किट भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके सहयोग एवं समाजसेवा के कार्यों की सराहना की गई।
योग ने बदला जीवन का दृष्टिकोण
मनोज सिंगला ने कहा कि यह योग शिविर 2 जून से लगातार संचालित किया जा रहा है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसमें भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से शरीर और मन दोनों की शुद्धि होती है तथा आत्मा को नई ऊर्जा प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि आत्मा और परमात्मा का मिलन ही योग है। योग के अभ्यास से ऐसा महसूस होता है जैसे जीवन को एक नई दिशा और नया उद्देश्य मिल गया हो। उन्होंने कहा कि योग के बिना पहले का जीवन अधूरा और निरर्थक प्रतीत होता है।
स्वामी रामदेव और प्रधानमंत्री मोदी के योगदान की सराहना
मनोज सिंगला ने कहा कि परम पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज ने अपने तप, साधना और प्रयासों से योग को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2015 से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग आज केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए स्वास्थ्य और जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है।
21 जून को भव्य योग दिवस कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 5 बजे से 7 बजे तक योगाभ्यास के साथ शुरू होगा।
इसके उपरांत गुरुकुल कुरुक्षेत्र की टीम द्वारा यज्ञ, भजन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
योग विशेषज्ञों ने बताए नेति क्रियाओं के लाभ
शिविर में जिला युवा प्रभारी अनिल गुप्ता एवं तहसील प्रभारी वीरभान कौशिक ने योगाभ्यास करवाया। संस्कृत विश्वविद्यालय से आए आचार्य गिरिराज ने जल नेति, सूत्र नेति एवं दुग्ध नेति का प्रदर्शन करते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मानव जीवन अत्यंत अनमोल है और इसे सार्थक बनाने के लिए अच्छे कर्मों एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना आवश्यक है।
सेवा कार्यों के लिए किया गया सम्मानित
शिविर के दौरान सतपाल गुप्ता, विनोद गर्ग, रामफल, प्रेम जांगड़ा, जसवीर सिंह बजाज, बत्रा मौर्य सहित कई समाजसेवियों को उनके सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बदन सिंह आर्य, निधि भटनागर, विकास भटनागर, हरदीप, अनिल आर्य, पंकज मित्तल, महेंद्र, ओमप्रकाश, कृष्णकांत, कमलेश कौशिक, शकुंतला, रमा, नीलम मिड्ढा, गुड्डी देवी, दर्शना गुप्ता, कमला मित्तल सहित सैकड़ों साधक उपस्थित रहे।












Leave a Reply