“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

स्वस्थ जीवन शैली के लिए योग जरूरी : रामचरण

21 जून को सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में धूमधाम से मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव, 1500 लोगों के लिए विशेष व्यवस्था

कैथल। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान में पतंजलि योग समिति और भारत स्वाभिमान कैथल द्वारा सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में संचालित सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर एवं ध्यान शिविर के 15वें दिन का शुभारंभ समाजसेवी कपिल गोयल, डॉ. नवीन बंसल और पंकज मित्तल द्वारा किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया और विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

21 जून को होगा भव्य योग महोत्सव

तहसील प्रभारी वीरभान कौशिक और युवा भारत जिला प्रभारी अनिल गुप्ता ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। अनिल गुप्ता ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में भव्य योग महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में गुरुकुल कुरुक्षेत्र से भजन उपदेशक जसविंदर आर्य विशेष रूप से शामिल होंगे, जो हवन यज्ञ संपन्न करवाने के साथ-साथ भजन भी प्रस्तुत करेंगे।

योग जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा

मुख्य अतिथि समाजसेवी कपिल गोयल ने कहा कि योग हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। पतंजलि योग समिति और खाटू श्याम सालासर सेवा समिति समाज में योग को बढ़ावा देने का सराहनीय कार्य कर रही हैं।

उन्होंने लोगों से योग शिविरों का लाभ उठाने और नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

डॉ. नवीन बंसल ने कहा कि योग हमारे ऋषि-मुनियों की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित योगाभ्यास करना चाहिए।

1500 लोगों के लिए की गई व्यवस्था

पतंजलि योग समिति व्यापार प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी पंकज मित्तल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को दिव्य और भव्य रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम में लगभग 1500 लोगों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

योग कार्यक्रम के बाद भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन का हिस्सा बन सकें।

500 टी-शर्ट बांटी जाएंगी

खाटू श्याम सालासर सेवा समिति के प्रधान मनोज सिंगला ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 500 टी-शर्ट तैयार करवाई जा रही हैं। इन्हें “पहले आएं, पहले पाएं” के आधार पर वितरित किया जाएगा।

उन्होंने नगरवासियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

वक्रासन के बताए लाभ

भारत स्वाभिमान प्रभारी एवं शिविर संयोजक रामचरण ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ जीवन शैली के लिए योग बेहद जरूरी है। उन्होंने वक्रासन के लाभ बताते हुए कहा कि इससे कमर और पीठ दर्द में राहत मिलती है, पाचन तंत्र मजबूत होता है, पेट की अतिरिक्त चर्बी कम होती है तथा लीवर और किडनी स्वस्थ रहते हैं।

उन्होंने कहा कि वक्रासन तनाव और चिंता को दूर कर एकाग्रता बढ़ाने में भी सहायक है, इसलिए इसका नियमित अभ्यास करना चाहिए।

सुबह 5 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम

रामचरण ने बताया कि 21 जून को सुबह 5 बजे से 7 बजे तक योग प्रोटोकॉल करवाया जाएगा। इसके बाद सुबह 7 बजे से 8 बजे तक हवन यज्ञ और भजन कार्यक्रम आयोजित होगा तथा फिर भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने सभी सामाजिक संस्थाओं, नगरवासियों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से योग महोत्सव में भाग लेकर योग को घर-घर पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर बदन सिंह आर्य, प्रेम जांगड़ा, सतपाल गुप्ता, विनोद गर्ग, रामफल, जसवंत, एडवोकेट सुरेश सैनी, कमलेश कौशिक, रमा गर्ग, दर्शना गुप्ता, शकुंतला, कविता, नीलम मिड्ढा सहित अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों योग साधक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *