“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

योग से मिलती है मानसिक शांति : डॉ. संजय

योग से मिलती है मानसिक शांति : डॉ. संजय

पतंजलि योग शिविर में स्वामी रामदेव के शिष्य प्रतिनिधि और प्रदेश प्रभारी ईश आर्य ने किया योग का महत्व उजागर

कैथल। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान में पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान जिला कैथल द्वारा संचालित सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर एवं ध्यान शिविर के 16वें दिन मंगलवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार से पहुंचे स्वामी रामदेव महाराज के शिष्य प्रतिनिधि डॉ. संजय, भारत स्वाभिमान हरियाणा के प्रदेश प्रभारी ईश आर्य, डॉ. राम कीर्ति गर्ग तथा डॉ. अभिलाषा जैन द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

भारत योग के माध्यम से विश्व में बना रहा पहचान

डॉ. संजय और ईश आर्य ने कहा कि भारत पहले भी विश्व गुरु था, आज भी विश्व गुरु है और भविष्य में भी विश्व गुरु बना रहेगा। उन्होंने कहा कि परम पूज्य स्वामी रामदेव महाराज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज 200 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, जो भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि बाह्य प्राणायाम करने से वात, पित्त और कफ संतुलित रहते हैं तथा शरीर में ऊर्जा का संचार होता है, जिससे व्यक्ति पूरे दिन सक्रिय और ऊर्जावान बना रहता है।

योग का विरोध करने वाले भी आज बन रहे समर्थक

डॉ. संजय ने कहा कि अच्छी और सकारात्मक चीजों का प्रारंभ में विरोध होता है, लेकिन समय के साथ लोग उसे स्वीकार कर उसका समर्थन करने लगते हैं। योग के साथ भी यही हुआ है और आज समाज का हर वर्ग योग को अपना रहा है।

संतुलित खान-पान और योग से मिलता है बेहतर स्वास्थ्य

डॉ. राम कीर्ति गर्ग और डॉ. अभिलाषा जैन ने कहा कि नियमित योगाभ्यास और संतुलित खान-पान से शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

21 जून को होगा अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव

भारत स्वाभिमान प्रभारी एवं शिविर संयोजक रामचरण ने बताया कि 21 जून 2026 को सेक्टर-20 हुड्डा पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस लोगों को प्रेरित करने और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

रामचरण ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर योग आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की।

500 टी-शर्ट पहले आओ, पहले पाओ आधार पर मिलेंगी

युवा भारत प्रभारी अनिल आर्य और खाटू श्याम सालासर सेवा समिति के प्रधान मनोज सिंगला ने बताया कि योग महोत्सव के अवसर पर 500 टी-शर्ट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वितरित की जाएंगी। उन्होंने लोगों से समय पर पहुंचने और योग क्रांति से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के बाद भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर बदन सिंह आर्य, वीरभान कौशिक, मास्टर हरदीप, प्रेम जांगड़ा, पंकज मित्तल, सतपाल गुप्ता, विनोद गर्ग, नरेश पंवार, जसवंत कौशिक सहित सैकड़ों योग साधक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *