पूंडरी में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने किया योग अपनाने का आह्वान
पूंडरी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूंडरी अनाज मंडी में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर उपस्थित लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और सामूहिक रूप से योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
अपने संबोधन में पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली प्रदान करने का भी प्रभावी साधन है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा सरकार के प्रयासों से योग को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में लोग योग के महत्व को समझते हुए इसे अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं।
कुलवंत बाजीगर ने सभी नागरिकों से नियमित योग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और जीवन को अधिक संतुलित एवं सुखमय बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञ सुरजन सिंह ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाएं करवाईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन सुभाष हजवाना, बीडीपीओ राज सिंह, प्रिंसिपल धर्म सिंह, किरनदीप, सुरजन सिंह, विवेक, सुरेंद्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।










Leave a Reply