“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

चीका पुलिस ने नशा तस्कर को दबोचा, 60 नशीली गोलियां, 428 ग्राम नशीला घोल और सिरिंज बरामद

चीका पुलिस ने नशा तस्कर को दबोचा, 60 नशीली गोलियां, 428 ग्राम नशीला घोल और सिरिंज बरामद

कैथल। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चीका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 60 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, 428 ग्राम नशीला घोल, 5 सिरिंज, फेनिरामाइन की भरी हुई शीशी तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना चीका प्रभारी एसआई प्रवीन कुमार के नेतृत्व में पीएसआई विक्रम सिंह की टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव सलेमपुर गुहला निवासी सुनील सैनी चीका-पटियाला रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान की आड़ में नशीली गोलियों का अवैध कारोबार कर रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर आरोपी अपनी स्कूटी पर सवार होकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

पुलिस द्वारा नायब तहसीलदार गुहला बलराज सिंह की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी की स्कूटी से एक काली पॉलीथिन और कपड़े के थैले में रखी हुई प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुईं।

जांच में पुलिस को ट्रामाडोल-50 और सीजडोल-एन-10 की कुल 60 नशीली टैबलेट, एक प्लास्टिक बोतल में भरा 428 ग्राम नशीला घोल, फेनिरामाइन की एक भरी हुई शीशी, पांच सिरिंज तथा इंजेक्शन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली।

ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारी द्वारा बरामद दवाओं और सामग्री को प्रतिबंधित श्रेणी का बताया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

मौके पर पहुंचे एसआई विजय ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी तथा पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि नशीली दवाएं कहां से लाई जाती थीं और किन लोगों को सप्लाई की जाती थीं।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *