कैथल, 8 सितंबर 2026। चीका क्षेत्र में मकान का ताला तोड़कर आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी करने के मामले में कैथल पुलिस की सीआईए-1 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चीका निवासी विशेष, विशाल और महिला आरोपी रेखा के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एचसी पवन कुमार की टीम द्वारा की गई। आरोपियों से चोरी की वारदात को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
परिवार के बाहर जाने पर मकान में हुई चोरी
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर 17, अमर सिटी, पेहोवा रोड, चीका निवासी तैयब अली ने बताया कि वह 28 अगस्त को अपने परिवार के साथ अपनी ससुराल गया हुआ था। अगले दिन 29 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे उसके पड़ोसी ने फोन कर बताया कि मकान का गेट खुला हुआ है और ताला टूटा पड़ा है।
सूचना मिलने के बाद तैयब अली ने अपने दोस्त प्रवीन को मकान पर भेजा। प्रवीन ने मौके पर पहुंचकर देखा कि मकान का मुख्य ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर अलमारी का दरवाजा भी टूटा मिला।
अलमारी से आभूषण और नकदी चोरी
शिकायत के अनुसार अज्ञात व्यक्ति अलमारी से 32 चांदी के सिक्के, चांदी का सैट, पाजेब, सोने का बच्चे का लॉकेट, सोने के दो ईयररिंग, करीब 10 से 20 हजार रुपये नकद, एक घड़ी तथा बच्चे के खेलने के सामान समेत अन्य सामान चोरी कर ले गया।
मामले की सूचना मिलने पर थाना चीका में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद सीआईए-1 पुलिस ने जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों का पुलिस रिमांड हासिल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी विशेष और विशाल को न्यायालय में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, जबकि महिला आरोपी रेखा को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी की वारदात तथा चोरी किए गए सामान के संबंध में व्यापक पूछताछ की जाएगी।


Leave a Reply