“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में 7.03 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक सेल की कार्रवाई

कैथल, 7 सितंबर 2026। कैथल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 7.03 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक सेल कैथल की टीम ने एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार की।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल कैथल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएआई जगभान सिंह की टीम अपराध की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। टीम बस अड्डा कैथल के पास मौजूद थी, तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति करनाल रोड स्थित छोटूराम चौक के पास हेरोइन बेचने के लिए खड़ा है।

सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम तुरंत छोटूराम चौक के पास पहुंची। वहां बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस कर्मचारियों की मदद से उसे काबू कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव दुसैन निवासी संदीप उर्फ सोना के रूप में हुई। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ईटीओ कैथल प्रमोद कुमार के समक्ष नियमानुसार आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक पन्नी में 7.03 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

हेरोइन बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन कैथल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एएसआई रोहताश ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि नशीले पदार्थ की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।

कैथल पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *