कैथल, 8 सितंबर 2026। थाना सदर क्षेत्र के गांव बाबा लदाना स्थित डेरा बाबा राजपुरी में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। थाना सदर प्रभारी एसआई कुलदीप कुमार की टीम ने डेरा परिसर में तलाशी के दौरान हत्या के मामले में जिला जेल में बंद महंत दुजपुरी उर्फ धर्मेंद्र के विश्राम कक्ष से 639 ग्राम चरस (सुल्फा) बरामद की।
न्यायालय के आदेश पर पहुंची पुलिस टीम
डीएसपी मुख्यालय कैथल बीर भान ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर डेरा बाबा राजपुरी में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार कैथल रविंद्र सिंह, हल्का पटवारी ईश्वर सिंह, कानूनगो राजेश, डीएसपी मुख्यालय बीर भान और थाना सदर प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह सहित पुलिस टीम डेरा पहुंची। तलाशी के दौरान गांव के लोग भी डेरा परिसर में मौजूद रहे।
महंत के कमरे से मिले गहने, दस्तावेज और लाइसेंसी बंदूक
पुलिस टीम ने सबसे पहले महंत दुजपुरी के कक्ष की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से सोने-चांदी के आभूषण, रुपयों की माला, कागजात, तलवार और एक लाइसेंसी बंदूक बरामद हुई। इन सामानों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने अपने अधिकार क्षेत्र में ले लिया।
इसके बाद महंत के विश्राम कक्ष की तलाशी ली गई। कमरे में बनी अलमारी के अंदर बने एक डोर से पॉलीथिन बरामद हुई। इसमें काले रंग का नशीला पदार्थ मिला, जिसकी जांच करने पर वह चरस (सुल्फा) पाया गया।
पॉलीथिन सहित 639 ग्राम चरस बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद चरस का वजन पॉलीथिन सहित 639 ग्राम पाया गया। मौके पर मौजूद लोगों से भी नशीले पदार्थ की पहचान के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना सदर कैथल में मामला दर्ज कर लिया है।
महंत दुजपुरी उर्फ धर्मेंद्र वर्तमान में डेरा परिसर में ही एक महंत की हत्या के मामले में जिला कैथल जेल में बंद है। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
Keywords: कैथल पुलिस, डेरा बाबा राजपुरी, बाबा लदाना, 639 ग्राम चरस, चरस बरामद, महंत दुजपुरी, थाना सदर कैथल, Kaithal Police, Baba Ladana

Leave a Reply