कैथल, 2 अगस्त। हरियाणा लाइब्रेरी एसोसिएशन (HLA) के तत्वावधान में “कोहा ओपन सोर्स लाइब्रेरी मैनेजमेंट सिस्टम” विषय पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन कार्यशाला का उद्घाटन सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यशाला में देशभर से लगभग 200 पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान से जुड़े प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय पुस्तकालय संघ के प्रधान प्रो. डॉ. प्रदीप राय ने उद्घाटन संबोधन में हरियाणा लाइब्रेरी एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुस्तकालयों में ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और कोहा (Koha) आधुनिक पुस्तकालयों के लिए एक प्रभावी एवं व्यापक रूप से अपनाया जाने वाला इंटीग्रेटेड लाइब्रेरी मैनेजमेंट सिस्टम है।
हरियाणा लाइब्रेरी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रूपेश गौड़ ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारतीय पुस्तकालय संघ और हरियाणा लाइब्रेरी एसोसिएशन के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
डॉ. रूपेश गौड़ ने कार्यशाला के सफल आयोजन में महासचिव डॉ. अजय कुमार अरोड़ा के समर्पित प्रयासों की विशेष सराहना की। साथ ही कार्यशाला के संसाधन विशेषज्ञ डॉ. महिपाल दत्त का प्रतिभागियों के साथ अपना ज्ञान एवं अनुभव साझा करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
आयोजकों के अनुसार यह राष्ट्रीय ऑनलाइन कार्यशाला पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा पेशेवरों को कोहा ओपन सोर्स लाइब्रेरी मैनेजमेंट सिस्टम के व्यावहारिक उपयोग, संचालन और आधुनिक पुस्तकालय प्रबंधन की नवीन तकनीकों से परिचित कराने का प्रभावी मंच साबित होगी। कार्यशाला के आगामी सत्रों में प्रतिभागियों को कोहा सॉफ्टवेयर के विभिन्न मॉड्यूल और उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों का विस्तृत प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
यह आयोजन पुस्तकालयों में डिजिटल तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने और पुस्तकालय प्रबंधन को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply