“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

उत्साह, अनुशासन और गरिमामय ढंग से मनाया जाए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : एसडीएम अजय हुड्डा

उत्साह, अनुशासन और गरिमामय ढंग से मनाया जाए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : एसडीएम अजय हुड्डा

कैथल। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में एसडीएम अजय हुड्डा की अध्यक्षता में गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

एसडीएम अजय हुड्डा ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन पूर्ण उत्साह, अनुशासन और गरिमामय ढंग से सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं तथा सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग दिवस कार्यक्रम में विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। आयोजन स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग को योग के महत्व और स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा शिक्षा विभाग को स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को योग के प्रति प्रेरित करने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका एवं स्थानीय निकायों को आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

अजय हुड्डा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *