“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों का मार्केट कमेटी गेट पर घेराव, 3 घंटे तक तालाबंदी

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर मार्केट कमेटी गेट पर किसानों का घेराव, 3 घंटे तक तालाबंदी

📍 कैथल | 🗓️ Updated: 20 March 2026
किसान विरोधी नियमों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, मंडी व्यवस्था बचाने की मांग और सरकार पर गंभीर आरोप।

कैथल, 20 मार्च: संयुक्त किसान मोर्चा जी हरियाणा के आह्वान पर अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान जसबीर सिंह व सतपाल दिनोवाली की संयुक्त अध्यक्षता में मार्केट कमेटी के सामने धरना लगाया गया तथा करीब 3 घंटे तक गेट पर ताला लगाकर घेराव किया गया।

प्रेस के नाम जारी बयान में जिला प्रधान जसबीर सिंह, जिला सचिव सतपाल आनंद व सतपाल दिनोवाली ने कहा कि यह आंदोलन हरियाणा सरकार द्वारा मंडियों में फसल बिक्री के लिए जबरदस्ती लागू किए जा रहे किसान विरोधी नियमों के खिलाफ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक सरकार इन नियमों को वापस नहीं ले लेती।

किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा किसानों को सुविधा देने की नहीं, बल्कि उन्हें परेशान करने और धीरे-धीरे मंडी व्यवस्था को समाप्त करने की है। ऑनलाइन पोर्टल और बायोमैट्रिक प्रणाली के नाम पर किसानों को अनावश्यक तकनीकी बाधाओं में फंसाया जा रहा है, जिससे छोटे और सीमांत किसान सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

आज के तालाबंदी आंदोलन को अन्य किसानों ने भी समर्थन दिया। किसान नेताओं ने मांग की कि फसल में आगजनी से हुए नुकसान का पूरा मुआवजा दिया जाए, क्योंकि पिछले वर्ष जली फसलों का बकाया अभी तक नहीं मिला है। इसके अलावा ठोस नीति बनाई जाए। भाखड़ा व्यास मैनेजमेंट बोर्ड में केंद्र सरकार का दखल बंद किया जाए तथा दिल्ली-एनसीआर के औद्योगिक क्षेत्रों में न्यूनतम वेतन व सुविधाएं लागू की जाएं और गिरफ्तार मजदूरों की रिहाई की जाए।

इस अवसर पर जिला प्रधान जसबीर सिंह, जिला सचिव सतपाल आनंद, रामकली जांगड़ा, मास्टर रमेश कुमार सारण, बलजीत सिंह सच्चा खेड़ा, अनूप सिंह, सतपाल दिनोवली, राजेश कुमार सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

जारीकर्ता: सतपाल आनंद, जिला सचिव, कैथल
📞 संपर्क: 9466142323

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *