“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

सीवन में घर से आभूषण और नकदी चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, सारा सामान बरामद

सीवन में घर से आभूषण और नकदी चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, सारा सामान बरामद

📍 कैथल | 🗓️ 10 मई 2026

कैथल, 10 मई 2026: चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ जिला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना सीवन पुलिस ने घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीवन निवासी साहिल ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 8 मई की दोपहर करीब 2 बजे उसके परिवार के सभी सदस्य काम पर गए हुए थे। जब वह वापस घर पहुंचा और दरवाजा खोलने लगा तो उसने दरवाजे की झिरी से देखा कि एक युवक उसके घर के अंदर मौजूद था। आवाज सुनते ही आरोपी दीवार फांदकर पड़ोसियों की छतों के रास्ते फरार हो गया।

घर के अंदर जाकर देखा गया कि सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। आरोपी सोने का हार, सोने के टॉप्स, लगभग आधे तोले की सोने की अंगूठी, चांदी का माथे का टीका, चांदी का हार, चांदी के टॉप्स, पाजेब, मंगलसूत्र, चांदी के कड़े, चांदी की चैन सहित करीब 25 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गया था।

इस संबंध में थाना सीवन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच थाना सीवन एसएचओ इंस्पेक्टर रमेशचंद्र की अगुवाई में एएसआई राजेश कुमार की टीम द्वारा की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए सीवन निवासी जसमेर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी के लगभग 15 मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *