मोबाइल दुकान पर फायरिंग करने वाला आरोपी रजत गिरफ्तार, 5 हजार का इनामी था बदमाश
कैथल, 09 मई 2026: संगठित अपराध और फिरौती से जुड़े मामलों पर कार्रवाई करते हुए स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने चीका स्थित एक मोबाइल दुकान पर फायरिंग करने के मामले में आरोपी रजत को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हरियाणा पुलिस की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एसआई पारस की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान कीर्ति नगर, कुरुक्षेत्र निवासी रजत को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे चीका के चानना रोड स्थित “गिल मोबाइल” दुकान पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने फायरिंग कर दी थी। दोनों हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रजत ने 14 अप्रैल की रात स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की पुलिस टीम पर भी फायरिंग की थी। पुलिस टीम ने बहादुरी का परिचय देते हुए मुठभेड़ के बाद उसे काबू किया था, जिसमें उसकी टांग में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस पर हमला करने के मामले में उसे थाना ढांड के केस में जिला जेल भेजा गया था।
मोबाइल दुकान पर फायरिंग के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए। पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के रिमांड पर लिया और पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पूछताछ में सामने आया कि मोबाइल दुकान पर फायरिंग की वारदात में रजत ने ही गोली चलाई थी। व्यापक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।















Leave a Reply