चीका में पुलिस ने चलाया नशा जागरूकता अभियान, आमजन को बताए नशे के दुष्परिणाम
कैथल, 11 मई 2026: नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार पुलिस टीम ने चीका में विभिन्न स्थानों पर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया।
जागरूकता टीम में एसआई कर्मबीर सिंह, एएसआई मनोज, एचसी दिनेश, सिपाही नसीब, महिला सिपाही नीलम, महिला एसपीओ गीता तथा एसपीओ चांदी राम शामिल रहे। टीम ने महिलाओं, बच्चों और अन्य लोगों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इस अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान युवाओं और अन्य लोगों को समझाया गया कि नशा करने वाला व्यक्ति केवल अपना ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार का भविष्य भी बर्बाद कर देता है। नशे के कारण लाखों युवाओं ने अपनी जिंदगी खो दी है और अनेक परिवार तबाह हो चुके हैं।
पुलिस टीम ने बताया कि नशा शरीर और घर दोनों का नाश करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपने माता-पिता, गांव और समाज का नाम रोशन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त और अपराध मुक्त समाज की स्थापना के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। पुलिस मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस अभियान की पूर्ण सफलता के लिए जन सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि उन्हें नशे से संबंधित कोई भी सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

















Leave a Reply