“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

पूर्व सैनिकों ने ओपीएस संकल्प साइकिल यात्रा का किया भव्य स्वागत

पूर्व सैनिकों ने ओपीएस संकल्प साइकिल यात्रा का किया भव्य स्वागत

📍 कैथल | 🗓️ 2 जून 2026

कैथल: पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा द्वारा आयोजित ओपीएस संकल्प साइकिल यात्रा के तीसरे वर्ष के शुभारंभ अवसर पर हरियाणा शहीद स्मारक पार्क, कैथल में पूर्व सैनिकों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के राज्य प्रधान मास्टर विजेंद्र सिंह धारीवाल ने किया।

यात्रा की शुरुआत शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर जिला कैथल के विभिन्न कर्मचारी संगठनों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों तथा बड़ी संख्या में कर्मचारियों और मातृशक्ति ने भाग लिया।

पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए पुरानी पेंशन बहाली की मुहिम के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक, सैनिक परिवार, शहीद परिवार और अर्धसैनिक बलों के आश्रित भी इस आंदोलन से जुड़े हुए हैं और वे प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रूप से इस अभियान के समर्थन में खड़े हैं।

जगजीत फौजी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य के लिए चल रहे इस आंदोलन में पूर्व सैनिक समुदाय का सहयोग लगातार जारी रहेगा।

साइकिल यात्रा शहीद स्मारक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होती हुई लघु सचिवालय पहुंची, जहां प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से सरकार को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर कैप्टन मुख्तार सिंह जांगड़ा, सूबेदार रणबीर सिंह ढुल, सूबेदार मेजर खजान सिंह, सूबेदार मेजर रामफल चहल, कैप्टन नरेंद्र सिंह, लेफ्टिनेंट मेघ सिंह राणा, सूबेदार रामचंद्र मलिक, इंस्पेक्टर सोमदत्त शर्मा, रिसालदार कर्मबीर भाल सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *