सरकार द्वारा पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है विभिन्न योजनाओं का लाभ : विधायक सतपाल जांबा
गांव आहूं में आयोजित जन कल्याण शिविर में योजनाओं की जानकारी और पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई
पूंडरी/कैथल। पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार की नियत और नियति दोनों साफ हैं तथा सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
वे गांव आहूं में आयोजित जन कल्याण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
हर वर्ग तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और बुजुर्ग सहित कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है, जिसके कारण लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
विधायक ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
जन कल्याण शिविर में एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार की देखरेख में विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं सहायता स्टॉल लगाए गए थे। विधायक सतपाल जांबा ने प्रत्येक स्टॉल का निरीक्षण कर योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
शिकायतों के समाधान के दिए निर्देश
शिविर के दौरान ग्रामीण आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र तथा अन्य सरकारी सेवाओं से संबंधित समस्याएं लेकर पहुंचे। विधायक ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन होना चाहिए और पात्र लोगों तक लाभ समय पर पहुंचना चाहिए।
इन योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान आईडी, किसान कार्ड तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी गई।
साथ ही पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण भी किया गया ताकि वे जल्द से जल्द योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
सरकार आपके द्वार की सोच पर कार्य
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि पहले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन पिछले 12 वर्षों में सरकार ने व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं, जिससे आमजन का जीवन अधिक सरल और सुगम हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसी सोच के तहत जन कल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
अधिकारियों को दिए विशेष निर्देश
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की सही जानकारी दी जाए तथा उनकी पात्रता के अनुसार पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् गीत और हरियाणा राज्य गीत का भी गायन किया गया।













Leave a Reply