कैथल, 5 नवंबर 2026। कांग्रेस पार्टी के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कैथल के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में चौपाल कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद एवं कैथल के पर्यवेक्षक कर्मवीर बौद्ध ने शिरकत की। उन्होंने लोकतंत्र, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।
प्रेस वार्ता में गुहला-चीका से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस, जिला कांग्रेस कमेटी कैथल के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कर्मवीर बौद्ध ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि देश में वोट चोरी का मुद्दा लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल बनकर उभरा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और आम नागरिकों के मताधिकार को कमजोर करने के आरोप लगाए।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तथ्यों और आंकड़ों के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा देश के सामने रखा है। कांग्रेस लगातार यह सवाल उठा रही है कि नागरिकों के वोट देने के अधिकार और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता को किस प्रकार सुरक्षित रखा जाए।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट की सुरक्षा जरूरी
राज्यसभा सांसद ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत रह सकता है, जब प्रत्येक नागरिक का वोट सुरक्षित हो और चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाए। इसी उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान चलाकर आम जनता को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
रामचंद्र गुर्जर ने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी कैथल के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ने की। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रचनात्मक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश रोड, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जोरा सिंह सिनंद, युवा उपाध्यक्ष राहुल गोरसी, सेवादल कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिक्रम सिंह, केकेसी जिलाध्यक्ष मेहर सिंह, लख्मीचंद पबनावा, महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष सुशीला शर्मा, कैथल ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप चहल, कलायत ब्लॉक अध्यक्ष दलबीर सिंह, पंचायतीराज जिलाध्यक्ष कर्मवीर शर्मा, जिला महासचिव रामनिवास मेहरा, करनैल दयोरा, डॉ. सतपाल साकरा, ईश्वर जांगड़ा, शीशपाल करोड़़ा, बिक्रम ढुल, सरदार रुपिंदर सिंह, रामनिवास, हरि प्रकाश जांगड़ा, राजपाल आर्य और जगत राम पूनिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान तथा नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होकर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



