प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तरक्की के नए आयाम छू रहा भारत : विधायक सतपाल जांबा
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर गांव आहूं में आयोजित प्रवास कार्यक्रम में योजनाओं की जानकारी दी गई
पूंडरी/कैथल। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गांव आहूं की दाबड़ा पट्टी चौपाल में आयोजित एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और तरक्की के नए आयाम छू रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की नीति पर कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
ग्रामीणों ने किया विधायक का स्वागत
गांव आहूं पहुंचने पर विधायक सतपाल जांबा का ग्राम पंचायत और ग्रामीणों द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद विधायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रवास कार्यक्रम का उद्देश्य केवल लोगों से मिलना नहीं, बल्कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।
आयुष्मान और आवास योजनाओं की दी जानकारी
विधायक ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में अब तक 6 लाख 63 हजार 168 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस योजना के माध्यम से पात्र नागरिकों को 5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों गरीब परिवारों का पक्का घर बनाने का सपना पूरा किया है, जबकि प्रधानमंत्री जन धन योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने का कार्य किया है।
किसानों के लिए योजनाएं बनीं सहारा
सतपाल जांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए वरदान साबित हुई है और किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं के समय किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि “म्हारा गांव-जगमग गांव” योजना के माध्यम से गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है और किसानों को भी पर्याप्त बिजली दी जा रही है।
बिना खर्ची-पर्ची के मिल रही नौकरियां
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बिना खर्ची और बिना पर्ची के युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गांव डीग में 600 युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नौकरियां मिली हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कर रही है।
प्राकृतिक खेती अपनाने का किया आह्वान
सतपाल जांबा ने किसानों से प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि फसलों में रासायनिक खाद, यूरिया और कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखना है तो प्राकृतिक खेती को अपनाना होगा। सरकार भी इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है और प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
योग अपनाने की अपील
विधायक ने ग्रामीणों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच धीर सिंह ने गांव की विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी, आईसीए राहुल शर्मा, जिला परिषद सदस्य जितेंद्र टाया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













Leave a Reply