गांव शेरगढ़ के सरकारी स्कूल प्रांगण में पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कैथल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड के मार्गदर्शन में गांव शेरगढ़ के सरकारी स्कूल प्रांगण में वन विभाग के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “एक पृथ्वी – एक संकल्प – सकारात्मक जलवायु कार्यवाही” रखी गई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम सचिव संजना और पूजा ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
रेंज ऑफिसर कुलदीप काजल ने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
मुख्य अतिथि ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम पांच पौधे अवश्य लगाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड की जिला कोऑर्डिनेटर रेखा लौहान ने बताया कि प्रदेशभर में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता अभियान, सेमिनार और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।
इस अवसर पर गांव के किताब सिंह, सुनील कुमार, जयपाल सिंह, मलकित सिंह, मनोज, विनोद, जस्सी, प्यारे लाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।










Leave a Reply