“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

गांव खुराना में अब घरों के बाहर लगेंगे बिजली के मीटर, 16 घंटे बिजली आपूर्ति पर बनी सहमति

गांव खुराना में अब घरों के बाहर लगेंगे बिजली के मीटर, 16 घंटे बिजली आपूर्ति पर बनी सहमति

📍 कैथल | 🗓️ 17 मई 2026

कैथल: गांव खुराना में अब बिजली के मीटर घरों के बाहर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बिजली निगम गांव में प्रतिदिन 16 घंटे बिजली आपूर्ति करेगा। यह निर्णय गांववासियों और प्रशासन के बीच लगातार दो दिनों तक चली बैठकों के बाद आपसी सहमति से लिया गया।

गौरतलब है कि गांववासी बिजली घर पर ताला लगाकर 16 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त अपराजिता ने एसडीएम संजय कुमार को बातचीत और समाधान की जिम्मेदारी सौंपी थी।

एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि कई दौर की वार्ता के बाद गांववासियों ने बिजली के नए मीटर घरों के बाहर लगवाने पर सहमति दे दी है। इसके बदले बिजली निगम ने गांव को 16 घंटे नियमित बिजली देने पर सहमति जताई है।

बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता सोमबीर ने बताया कि समझौते के तहत जिन घरों में बिजली कनेक्शन नहीं हैं, वहां नए कनेक्शन लिए जाएंगे। पुराने बकाया बिलों का भुगतान किया जाएगा और बिजली चोरी रोकने में पंचायत प्रशासन का सहयोग करेगी। यदि कोई व्यक्ति बिजली चोरी करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गांववासी राधाकृष्ण शर्मा और रमेश मलिक ने कहा कि प्रशासन ने उनकी 16 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि पूरा गांव अब मीटर घरों के बाहर लगवाएगा और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करेगा।

गांववासियों ने जिला प्रशासन और बिजली निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के सहयोग से यह विवाद सौहार्दपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *