2 करोड़ 52 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं से पूंडरी क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात : विधायक सतपाल जाम्बा
पूंडरी: पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक सतपाल जाम्बा ने शुक्रवार को लगभग 2 करोड़ 52 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र की पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका पूंडरी में शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सफाई कार्यों की टेंडर प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत 16 सफाई कर्मचारियों, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा एक सुपरवाइजर की नियुक्ति की जाएगी, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा।
इसके बाद ग्राम हजवाना में 113.10 लाख रुपये की लागत से नई पेयजल पाइपलाइन परियोजना का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर विधायक ने स्वयं नारियल न तोड़कर गांव के बुजुर्गों एवं बेटियों के हाथों परियोजना का शुभारंभ करवाया और उन्हें सम्मान देने का संदेश दिया।
वहीं ग्राम बाकल में 139.36 लाख रुपये की लागत से नई पेयजल पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के पूरा होने पर गांव के लोगों को बेहतर एवं सुचारू पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी तथा जलापूर्ति व्यवस्था और मजबूत बनेगी।
कार्यक्रम में नगर पालिका पूंडरी के चेयरमैन, पार्षदगण, गणमान्य व्यक्ति, वरिष्ठ नागरिक, मातृशक्ति, युवा साथी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने विकास कार्यों के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्षेत्र के निरंतर विकास के लिए अपना सहयोग और समर्थन जताया।
इस अवसर पर विधायक सतपाल जाम्बा ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है और विकास की यह गति भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेगी।










Leave a Reply