मेवात जंगल में बैठकर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 06 मई: साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैथल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मेवात जंगल क्षेत्र से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जंगल क्षेत्र में बैठकर ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। यह कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि देवीगढ़ रोड कैथल निवासी सिमरन ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 26 अप्रैल को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को उसके पिता परमजीत का दोस्त मनोज बताया। आरोपी ने कहा कि उसके पिता ने 90 हजार रुपये भेजने के लिए कहा है और गूगल पे के माध्यम से पैसे भेजने की बात कही।
आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए 10 रुपये, 10 हजार रुपये और 20 हजार रुपये के फर्जी ट्रांजैक्शन मैसेज भेजे। इसके बाद उसने यह कहकर कि गलती से ज्यादा पैसे भेज दिए गए हैं, रकम वापस मांगनी शुरू कर दी। झांसे में आकर छात्रा ने अलग-अलग माध्यमों से अपने और अपनी मां के खाते से कुल 1 लाख 7 हजार 800 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में खातों की जांच करने पर पता चला कि आरोपी द्वारा कोई राशि भेजी ही नहीं गई थी और फर्जी मैसेज के जरिए धोखाधड़ी की गई।
मामले में थाना साइबर क्राइम में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान थाना साइबर क्राइम इंचार्ज एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई अमृतलाल की टीम ने मेवात के जंगल क्षेत्र में दबिश देकर गांव मामलिका जिला मेवात निवासी मोहम्मद मकसूद और नसीम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जंगलों में बैठकर साइबर फ्रॉड की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी नसीम को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी मोहम्मद मकसूद का 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

















Leave a Reply