पंजाब सीमा पर रातभर चला पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, 462 वाहनों की जांच
कैथल, 08 मई 2026: माननीय डीजीपी अजय सिंघल के आदेशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा वीरवार रात विशेष अंतर-राज्य नाका चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक जारी रहा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब-हरियाणा सीमा स्थित टटियाना नाका पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच की गई।
इस अभियान में करीब 70 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पूरी टीम का नेतृत्व किया। पुलिस की सतर्कता और सक्रियता के चलते कुल 462 वाहनों की जांच की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा 8 वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को इंपाउंड किया गया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

















Leave a Reply