नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 शराब तस्कर गिरफ्तार
कैथल, 06 मई: नशा एवं शराब तस्करों पर शिकंजा कसने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कैथल पुलिस द्वारा “नशा मुक्त हो जिला” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार बुधवार सुबह कलायत, मंडवाल और सीवन क्षेत्र में संदिग्ध नशा व शराब तस्करों के ठिकानों पर विशेष सर्च अभियान चलाया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना कलायत एसएचओ एसआई सुभाष की अगुवाई में कलायत, थाना राजौंद प्रभारी एसआई सतपाल की अगुवाई में गांव मंडवाल तथा थाना सीवन एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र की अगुवाई में सीवन क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और अन्य ठिकानों पर गहन जांच की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने घरों और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया कि कहीं मादक पदार्थ या अवैध शराब छिपाकर तो नहीं रखी गई है तथा कोई अपराधी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त तो नहीं है।
अभियान के दौरान थाना कलायत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 150 लीटर लाहण तथा 14 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद की गई। दोनों मामलों में अलग-अलग केस दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना तथा नशा तस्करों और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है। उन्होंने कहा कि कैथल पुलिस जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशा बेचने या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने के लिए भी जागरूक किया गया।
एसपी ने कहा कि नशा बेचकर अर्जित की गई अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है और ऐसी संपत्ति को अटैच करवाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशा तस्करों की असली जगह जेल है और उनके खिलाफ अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।

















Leave a Reply