चीका में हमले के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
कैथल, 04 मई: थाना चीका क्षेत्र में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर चोटें मारने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना चीका पुलिस ने एसएचओ एसआई प्रवीन कुमार की अगुवाई में एएसआई दलबीर सिंह की टीम द्वारा जांच करते हुए समाना (पंजाब) निवासी जरनैल को काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव अजीमगढ़ निवासी प्रेमपाल सिंह की शिकायत के अनुसार 16 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे उसके पिता रणजीत सिंह किसी कार्य से बीडीओ कार्यालय चीका गए हुए थे। इसी दौरान पहले से रंजिश रखने वाले आरोपी यादवेन्द्र सिंह, सुखचैन सिंह, खुशभाग सिंह, समाना निवासी सोनू तथा उनके अन्य साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से रणजीत सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में रणजीत सिंह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश हो गए। वहां मौजूद लोगों ने उनके फोन से परिजनों को सूचना दी कि उन पर हथियारबंद व्यक्तियों ने जानलेवा हमला किया है और उनकी हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल गुहला में भर्ती कराया गया।
इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले में पहले ही एक आरोपी यादवेंद्र को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अब आरोपी जरनैल को भी काबू कर लिया गया है, जो इस वारदात में शामिल था।
पुलिस द्वारा आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

















Leave a Reply