युवकों पर जानलेवा हमले में रैकी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
कैथल: जींद रोड पर युवकों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव कोटड़ा निवासी मोहित सिरोही के रूप में हुई है, जिस पर पीड़ित युवकों की रैकी करने का आरोप है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव किठाना निवासी अमन ने शिकायत दी थी कि 24 अप्रैल को वह अपने दोस्तों साहिल और मुकेश उर्फ संजू के साथ मोटरसाइकिल पर सरकारी अस्पताल कैथल जा रहा था। जब वे जींद रोड स्थित टाटा मैट्रो कमर्शियल एजेंसी के पास पहुंचे तो एक ग्रे रंग की कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए।
शिकायत के अनुसार कार से उतरे गांव नौच निवासी नितिन और उसके साथियों ने गंडासी व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए थे। राहगीरों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जिसके बाद थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच कर रहे एएसआई कुलदीप सिंह की टीम ने आरोपी मोहित सिरोही को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात से पहले युवकों की रैकी की थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही राहुल उर्फ एचपी, नितिन और मंजीत सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी मोहित को न्यायालय में पेश किया जाएगा और उससे पूछताछ जारी है।


Leave a Reply