टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब के झांसे में 12.75 लाख रुपये की साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
कैथल। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ साइबर अपराधियों के खिलाफ भी कैथल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर 12.75 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच थाना साइबर क्राइम प्रभारी एसआई रणदीप सिंह के नेतृत्व में एसआई सुरेंद्र सिंह की टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान शिवपुरी (मध्य प्रदेश) निवासी अमित गोयल तथा ओल्ड शिवपुरी निवासी बंटी कुशवाह को गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता प्रीति निवासी सुभाष नगर, कैथल के अनुसार उसके एचडीएफसी बैंक खाते में एक प्लॉट की बिक्री के एवज में 17 अक्टूबर 2025 को 12 लाख 75 हजार रुपये जमा हुए थे। वह अपने मोबाइल फोन पर टेलीग्राम ऐप का उपयोग करती थी और पार्ट टाइम जॉब से संबंधित विभिन्न टेलीग्राम ग्रुपों से जुड़ी हुई थी।
महिला ने बताया कि 10 नवंबर 2025 को जब उसने अपने बैंक खाते की जांच की तो पता चला कि उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 12 लाख 75 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए हैं। उसने किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग जानकारी साझा नहीं की थी। बाद में उसका मोबाइल फोन, जिसमें संबंधित मोबाइल नंबर संचालित था, 25 नवंबर 2025 को घर से गुम हो गया था।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाने का काम किया था।
पुलिस ने आरोपी अमित गोयल के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।









Leave a Reply