“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने विदेशी नशा तस्कर को 1 किलो 85 ग्राम चरस सहित किया गिरफ्तार

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने विदेशी नशा तस्कर को 1 किलो 85 ग्राम चरस सहित किया गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ 28 मई 2026

कैथल, 28 मई: नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत कैथल पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने एक विदेशी नशा तस्कर को 1 किलो 85 ग्राम चरस (सुल्फा) सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई संदीप कुमार की टीम बस अड्डा पूंडरी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एनएच-152डी मोहना पुल के नीचे एक व्यक्ति बैग में नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां खड़ा व्यक्ति पुलिस को देखकर गांव मोहना की तरफ भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान मनुचेर रशीदी निवासी वियना (ऑस्ट्रिया), हाल निवासी जिला वलिपुरम, तमिलनाडु के रूप में हुई।

डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से एक पॉलीथिन में रखी 1 किलो 85 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह वर्ष 2009 से भारत में रह रहा है और तमिलनाडु की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। आरोपी अपने परिवार सहित तमिलनाडु में रहता है। उसने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश गया था और वहीं से यह नशीला पदार्थ खरीदकर लाया था।

पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ के लिए अदालत से 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *