“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा अवैध पिस्तौल सहित आरोपी काबू, 315 बोर देसी कट्टा बरामद

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा अवैध पिस्तौल सहित आरोपी काबू, 315 बोर देसी कट्टा बरामद

कैथल। अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने एक आरोपी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एचसी अनिल कुमार की टीम सायंकालीन गश्त के दौरान गुहला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि गांव अगौंध निवासी सुचेत सिंह खरंका मोड़ स्थित सरकारी अस्पताल के पास किसी के इंतजार में खड़ा है और उसके पास अवैध हथियार है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान गांव अगौंध निवासी सुचेत सिंह उर्फ चेतु के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंचे एचसी हरीश कुमार द्वारा आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *