एसआईआर अभियान के तहत प्रत्येक मतदाता को भरना होगा गणना प्रपत्र : एसडीएम अजय हुड्डा
कैथल। गुहला एवं कलायत विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम अजय हुड्डा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल प्रत्येक मतदाता को एन्यूमरेशन फॉर्म (गणना प्रपत्र) भरना अनिवार्य होगा।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसडीएम अजय हुड्डा ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करवाएंगे। प्रत्येक मतदाता को यह फॉर्म भरकर वापस बीएलओ को देना होगा। उन्होंने आमजन से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि गुहला विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 93 हजार 840 मतदाता हैं, जिनमें से 1 लाख 56 हजार 728 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। इस क्षेत्र में कुल 199 मतदान केंद्र स्थापित हैं।
इसी प्रकार कलायत विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 14 हजार 657 मतदाता हैं, जिनमें से 1 लाख 87 हजार 148 मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण हो चुकी है। इस विधानसभा क्षेत्र में 209 मतदान केंद्र हैं तथा शेष मैपिंग का कार्य जारी है।
एसडीएम ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाएंगे। इस दौरान मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन किया जाएगा। अभियान के तहत मृत मतदाताओं के नाम हटाने, दोहरी प्रविष्टियों को समाप्त करने, स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड को अपडेट करने तथा नए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें। नए मतदाता पंजीकरण के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि (Qualifying Date) माना गया है।
अजय हुड्डा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी या शिकायत के लिए नागरिक निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
एसडीएम अजय हुड्डा ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी मतदाताओं से सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।













Leave a Reply