“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में कैथल प्रदेश में तीसरे स्थान पर, 64 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में कैथल प्रदेश में तीसरे स्थान पर, 64 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित

डीसी अपराजिता ने अधिकारियों की बैठक में अभियान की समीक्षा की, पात्र नागरिकों से समय पर प्रपत्र भरने की अपील

कैथल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अपराजिता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कैथल जिले में इस अभियान का गणना चरण 15 जून से शुरू हो चुका है और शुक्रवार शाम तक करीब 64 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि यह जिले के लिए गर्व की बात है कि प्रपत्र वितरण के मामले में कैथल पूरे हरियाणा प्रदेश में तीसरे स्थान पर है।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक

डीसी अपराजिता शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित बैठक को संबोधित कर रही थीं। इससे पहले भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

5.24 लाख से अधिक प्रपत्र किए गए वितरित

डीसी ने बताया कि जिले के बीएलओ तथा इस कार्य में लगे अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत के बल पर अब तक 5 लाख 24 हजार 862 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद सभी बीएलओ सराहनीय कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कर्मचारी और अधिकारी कार्य में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डीएमसी को पार्षदों की बैठक आयोजित कर अभियान में उनका सहयोग लेने के निर्देश दिए गए।

हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना उद्देश्य

डीसी अपराजिता ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न हो।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपना गणना प्रपत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर अवश्य भरें तथा बीएलओ का पूरा सहयोग करें। विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों के नागरिकों से सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया।

बीएलओ को दिए विशेष निर्देश

डीसी ने कहा कि बीएलओ आमजन को प्रपत्र भरने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। यदि किसी मतदाता की फोटो स्पष्ट नहीं है तो नई और स्पष्ट फोटो ली जाए। निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का पालन करते हुए कार्य को समय पर पूरा किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो व्यक्ति घर पर उपलब्ध नहीं हैं, उनके संबंध में पड़ोसियों से पुख्ता जानकारी प्राप्त कर रिकॉर्ड में रखी जाए। साथ ही सर्वे के दौरान बीएलओ अपने साथ पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 और घोषणा प्रपत्र भी रखें, ताकि नए पात्र मतदाता मौके पर ही आवेदन कर सकें।

14 जुलाई तक प्रपत्र जमा कराने वालों का नाम होगा शामिल

डीसी अपराजिता ने बताया कि जिन पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्र 14 जुलाई 2026 तक संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) को प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

यदि कोई पात्र नागरिक 14 जुलाई तक प्रपत्र जमा नहीं कर पाता है, तो वह 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियों की अवधि के दौरान घोषणा प्रपत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकता है।

राजनीतिक दलों की भी रहेगी भागीदारी

उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्रतिदिन अधिकतम 50 गणना प्रपत्र एकत्र कर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने की अनुमति दी है।

कैथल जिले में वर्तमान में 8 लाख 28 हजार 255 पंजीकृत मतदाता हैं। जिले में 807 बूथ लेवल अधिकारी कार्यरत हैं, जबकि विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-1 के 24 तथा बीएलए-2 के 1471 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए गए हैं, जो अभियान को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *