सीआईए-1 पुलिस ने अवैध पिस्तौल व दो कारतूस सहित आरोपी को किया गिरफ्तार
कैथल, 14 मई 2026: जिला पुलिस द्वारा अवैध असला और अम्यूनिशन रखने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-1 पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई रघुबीर सिंह की टीम रात्रि गश्त के दौरान कैंची चौक, कलायत में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि खुराना रोड, कैथल निवासी राहुल उर्फ टिल्ला अपने पास अवैध हथियार लेकर गांव खरक पांडवा से सजूमा रोड पर किसी वाहन का इंतजार कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल उर्फ टिल्ला निवासी खुराना रोड, कैथल के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल .12 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर एएसआई गुरदान द्वारा उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से व्यापक पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।









Leave a Reply