सीआईए-1 पुलिस ने 22 किलोग्राम गांजा सहित दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
कैथल, 18 मई: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-1 पुलिस ने दो आरोपियों को 22 किलोग्राम गांजा फूल-पत्ती सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई गुरदान सिंह की टीम गश्त के दौरान मुंदड़ी बस अड्डा क्षेत्र में मौजूद थी।
इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जिला शामली (उत्तर प्रदेश) के गांव कंडेला निवासी प्रवीन कुमार तथा करनाल जिले के गांव सलारपुर निवासी कुलविंद्र सिंह उर्फ कर्ण बाइक पर गांजा लेकर करनाल से कैथल की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव मुंदड़ी के पास सिरसा ब्रांच नहर पुल पर नाकाबंदी कर दी।
कुछ समय बाद संदिग्ध बाइक को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी वापस मुड़कर भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया।
डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान बाइक पर रखे प्लास्टिक के कट्टे से 22 किलोग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद हुई। पुलिस ने नशीला पदार्थ और बाइक को कब्जे में लेकर थाना पूंडरी में मामला दर्ज कर लिया।
आरोपी प्रवीन कुमार का विस्तृत पूछताछ के लिए अदालत से 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, जबकि कुलविंद्र सिंह उर्फ कर्ण को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


Leave a Reply