“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

पुलिस मुठभेड़ में 3 लुटेरे गिरफ्तार, कई राज्यों की वारदातों का खुलासा

पुलिस मुठभेड़ में 3 लुटेरे गिरफ्तार, कई राज्यों की वारदातों का खुलासा

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चला सघन ऑपरेशन, 2 घंटे की मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी दबोचे

कैथल। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लूट और हथियारबंद वारदातों में शामिल तीन बदमाशों को पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि 12 जून की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि चार हथियारबंद युवकों ने कलायत क्षेत्र के एक होटल में लूटपाट का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने कैथल शहर के बलराज नगर क्षेत्र में एक युवक से पिस्तौल की नोक पर स्कूटी और नकदी लूट ली।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने जिले की सभी अपराध शाखाओं को अलर्ट करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद विभिन्न पुलिस टीमों ने जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

भैणी माजरा शुगर मिल के पास हुई मुठभेड़

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट, सीआईए-1, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और सीआईए कलायत की संयुक्त टीमों ने भैणी माजरा शुगर मिल के पास स्कूटी पर सवार चार संदिग्ध युवकों को घेर लिया। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण करने की चेतावनी देने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद जिले के गांव खांडा खेड़ी निवासी साहिल, हिसार जिले के गांव मिरपुर निवासी अशोक उर्फ गोलू तथा खांडा खेड़ी निवासी अंकित के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान तीनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हालांकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस ने भैणी गांव और शुगर मिल कॉलोनी क्षेत्र में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

होटल में लूटपाट की कोशिश नाकाम

प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी तड़के कलायत स्थित सहारण होटल में घुस गए थे। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कैश काउंटर खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान होटल मालिक रामनरेश ने कर्मचारियों और ग्राहकों के साथ मिलकर बदमाशों का मुकाबला किया, जिससे आरोपी वहां से भाग निकले।

इसके बाद आरोपियों ने कैथल के बलराज नगर क्षेत्र में एक युवक को निशाना बनाते हुए उसकी स्कूटी और नकदी लूट ली।

कई राज्यों की वारदातों से जुड़े तार

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कलायत की घटना से पहले अग्रोहा में एक दुकान से करीब 40 हजार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।

इसके अलावा 15 से 20 दिन पहले चंडीगढ़ में हुई 20 हजार और 50 हजार रुपये की लूट की दो अलग-अलग घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों की जांच कर रही है।

अपराधियों के लिए कैथल में कोई जगह नहीं

डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि कैथल पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कैथल जिले में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *