पीओ पकड़ो स्टाफ ने दो अलग-अलग मामलों में दो भगोड़े आरोपी किए गिरफ्तार
कैथल, 13 मई 2026: पीओ और बेल जंपरों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस के पीओ पकड़ो स्टाफ ने दो अलग-अलग मामलों में दो उद्घोषित आरोपियों (भगोड़ों) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चल रही इस मुहिम के अंतर्गत पीओ पकड़ो स्टाफ प्रभारी एसआई ओमप्रकाश के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पहले मामले में एएसआई राजकुमार की टीम ने गांव फतेहपुर निवासी कृष्ण को गिरफ्तार किया। आरोपी पर 4-5 जून 2019 की रात पूंडरी क्षेत्र में एक घर में अवैध रूप से प्रवेश करने का आरोप है। इस संबंध में थाना पूंडरी में मामला दर्ज है। आरोपी न्यायालय से जमानत मिलने के बाद अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके चलते माननीय न्यायालय ने उसे 16 अक्टूबर 2025 को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
दूसरे मामले में एएसआई पवन कुमार की टीम ने गांव पाई निवासी राजेंद्र को गिरफ्तार किया। आरोपी को चेक बाउंस के एक मामले में अदालत में अनुपस्थित रहने पर माननीय न्यायालय द्वारा 24 जुलाई 2025 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। यह मामला वर्ष 2021 से संबंधित है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।









Leave a Reply