परिवार, समाज व देश के भविष्य को खतरे में डालता है नशा : एसपी मनप्रीत सिंह सूदन
नशा मुक्त भारत पखवाड़े के तहत आईटीआई कैथल में विद्यार्थियों को किया जागरूक, दिलाई नशा मुक्त रहने की शपथ
कैथल। जिला पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के मार्गदर्शन में 26 जून तक “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा उन्हें खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना, उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
नशा परिवार और समाज दोनों को करता है प्रभावित
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है जो व्यक्ति के जीवन को समय से पहले ही बर्बादी और मौत की ओर धकेल देती है।
उन्होंने कहा कि नशा करने वाला व्यक्ति केवल अपना ही नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार का जीवन भी प्रभावित करता है। नशे की लत परिवार, समाज और देश के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।
एसपी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
आईटीआई कैथल में चलाया जागरूकता अभियान
मंगलवार को एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी पीएसआई सनेश के नेतृत्व में एसआई कर्मबीर सिंह की टीम ने आईटीआई कैथल में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को पढ़ाई, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया तथा नशे के दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्त रहने की शपथ
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने मित्रों व परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
पुलिस टीम ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए सभी नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है।
जिलेभर में चल रहे जागरूकता कार्यक्रम
पुलिस विभाग के अनुसार जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जा रहा है और नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
नशा तस्करों की सूचना देने की अपील
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन से अपील की कि वे नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय योगदान दें और नशे के कारोबार में शामिल लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
उन्होंने कहा कि नशा तस्करों से संबंधित जानकारी डायल-112 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।









Leave a Reply