नशा मुक्त हो जिला अभियान में मई माह के दौरान 74 तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा और शराब बरामद
कैथल: एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए जा रहे “नशा मुक्त हो जिला” अभियान के तहत कैथल पुलिस ने मई माह में नशा एवं शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 59 मामलों में 74 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध शराब भी बरामद की है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न पुलिस टीमें गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई, नाकाबंदी और तलाशी अभियान चला रही हैं।
उन्होंने बताया कि मई माह के दौरान नशा तस्करी के 24 मामलों में 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 86 किलो 895 ग्राम डोडा पोस्त, 22 किलोग्राम गांजा, 1 किलो 214 ग्राम अफीम, 4 किलो 649 ग्राम चरस, 36.216 ग्राम हैरोइन तथा 6775 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
इसके अलावा अवैध शराब तस्करी के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 35 मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों के कब्जे से 628 बोतल देशी शराब, 246 बोतल हथकढ़ी शराब, 7 बोतल अंग्रेजी शराब तथा लगभग 1900 लीटर लाहण बरामद किया गया।
एसपी ने कहा कि नशा समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। इसी कारण जिला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर लगातार कार्रवाई कर रही है और तस्करी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशा या शराब तस्करी संबंधी कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि कैथल पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का लक्ष्य नशामुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।









Leave a Reply